दैनिक समाचार प्रसारण – २७ अक्टूबर २०२६
यूक्रेन (यूरेन) और रूस ने २३ अक्टूबर को कैदियों की अदला-बदली में २७०-२७० लोगों को रिहा किया। यूक्रेन (यूरेन) लौटने वालों में २६१ सैन्यकर्मी और ९ नागरिक थे। लौटने वाले अधिकांश सैन्यकर्मी २०२२ से बंदी थे, जिनमें मारियुपोल [यूक्रेन (यूरेन)] की रक्षा करने वाले कई सैनिक शामिल थे। यूक्रेन (यूरेन) ने इस अदला-बदली में सहायता के लिए अमेरिका और संयुक्त अरब अमीरात को धन्यवाद दिया (Politico)
समाचार संस्थान फ़ाइनेंशियल टाइम्स ने २२ अक्टूबर को बताया कि यूक्रेन (यूरेन) को उत्तर अटलांटिक संधि संगठन [नाटो] की हथियार, गोला-बारूद और अन्य सैन्य उपकरण खरीदने की केंद्रीकृत प्रणाली तक पहुँच मिलेगी, जिससे आपूर्ति अधिक तेज़ी से और कम लागत पर मिल सकती है। नाटो सहायता एवं खरीद एजेंसी के साथ यह साझेदारी यूक्रेन (यूरेन) को हर खरीद पर अलग से बातचीत करने के बजाय स्थापित आपूर्तिकर्ता नेटवर्क का उपयोग करने देगी (The Kyiv Independent, Financial Times)
रूसी डीज़ल के २९८ हज़ार बैरल लेकर एक टैंकर २३ अक्टूबर को अमेरिका के लिए रवाना हुआ, अमेरिकी प्रतिबंधों में ढील के बाद अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के बीच हुए समझौते के तहत यह पहली खेप है। इस खेप के १० नवंबर को न्यूयॉर्क [अमेरिका] पहुँचने की उम्मीद है, प्रशासन तेज़ी से बढ़ रही ईंधन की कीमतें घटाने का प्रयास कर रहा है (NBC News)
अधिकारियों ने बताया कि इथियोपिया के सीमावर्ती शहर मोयाले में ओरोमो और सोमाली जातीय समूहों के बीच २१ अक्टूबर को शुरू हुई लड़ाई में कम से कम ९ लोग मारे गए और कम से कम २,५०० लोगों को पड़ोसी केन्या भागना पड़ा (Reuters)
यूरोपीय संसद ने २२ अक्टूबर को एक गैर-बाध्यकारी प्रस्ताव पारित किया, जिसमें सऊदी अरब और लाल सागर में वाणिज्यिक जहाज़ों पर हमलों का हवाला देकर यमन के ईरान-समर्थित हूती समूह को यूरोपीय संघ [ईयू] की आतंकवादी सूची में डालने का आह्वान किया गया। प्रस्ताव के अनुसार सूची में शामिल किए जाने से ईयू देशों में समूह की संपत्तियाँ ज़ब्त होंगी और ईयू के व्यक्तियों तथा कंपनियों पर उन्हें धन देने की रोक लगेगी, लेकिन इसके लिए सदस्य देशों की सर्वसम्मत मंज़ूरी आवश्यक है (euronews)
सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीशों द्वारा अत्यधिक मुनाफ़ाखोरी को “जबरन वसूली” बताए जाने के बाद भारत नवंबर से कैंसर की और अधिक दवाओं के दाम घटा रहा है। इस कदम का उद्देश्य उन मरीज़ों के लिए इलाज अधिक किफ़ायती बनाना है, जिन्हें अन्यथा उपचार के बिना रहना पड़ता या उसका खर्च चुकाने के लिए कर्ज़ लेना पड़ता (The Guardian)
२१ अक्टूबर की एक रिपोर्ट के अनुसार, १० नगरपालिकाओं में परीक्षण के बाद स्वीडन २९ और नगरपालिकाओं तथा शहरी ज़िलों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुरूप विशेषज्ञ सहायता का विस्तार कर रहा है। यह पहल सामाजिक सेवाओं, स्कूलों, पुलिस और युवा कार्यक्रमों का सहयोग मज़बूत करके बच्चों और युवाओं को अपराध से जुड़ने से रोकने में मदद करती है, ताकि जोखिम में पड़े लोगों की पहचान कर उन्हें पहले सहायता दी जा सके (Sweden Herald)
२३ अक्टूबर को ब्रेंट कच्चा तेल ११६.७२ अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर बंद हुआ, जो लगभग ६ महीनों का उच्चतम स्तर है। निवेशकों को ईरान पर नए अमेरिकी हमलों और सऊदी अरब पर हूती हमले जारी रहने की आशंका थी (CNBC)
यूरोपीय वाहन निर्माता संघ ने २२ अक्टूबर को बताया कि सितंबर २०२६ में यूरोपीय संघ में पूरी तरह इलेक्ट्रिक कारों की बिक्री सितंबर २०२५ से लगभग ७३% अधिक रही, जबकि पेट्रोल और डीज़ल कारों की बिक्री में तेज़ गिरावट आई (Anadolu Agency)
चीन में लगभग ५ लाख लोगों पर ९ वर्षों तक चले अध्ययन में पाया गया कि सप्ताह में कम से कम ३ बार चाय पीने का संबंध रक्तवाहिका रोग के जोखिम में ११.२% कमी से था। काली चाय के साथ यह संबंध सबसे मज़बूत था, जबकि बहुत गर्म चाय पीने का संबंध १६% अधिक जोखिम से पाया गया (euronews)
एक पैर पर १० सेकंड खड़े रहने का संतुलन परीक्षण मांसपेशियों की शक्ति, समन्वय और गिरने के जोखिम का आकलन करने में मदद कर सकता है, विशेषकर वृद्धों में। शोध में पाया गया कि ७१ से ७५ वर्ष के ५४% वयस्क यह परीक्षण पूरा नहीं कर पाए। विशेषज्ञ आगाह करते हैं कि इससे बीमारियों का निदान या जैविक उम्र बढ़ने का मापन नहीं किया जा सकता। पैदल चलना, पैरों को मज़बूत करने वाले व्यायाम और संतुलन का अभ्यास स्थिरता बढ़ा सकते हैं और आत्मनिर्भरता बनाए रखने में मदद कर सकते हैं (VnExpress)
The Lancet Regional Health - साउथईस्ट एशिया में प्रकाशित एक नया शोधपत्र दक्षिण एशिया में मधुमेह और हृदय-रक्तवाहिका रोगों के बढ़ते मामलों के कई कारणों में वायु प्रदूषण और रसायनों के संपर्क को भी शामिल करता है। महीन कणीय पदार्थ [PM2.5] सूजन, इंसुलिन प्रतिरोध और रक्तवाहिकाओं की क्षति बढ़ा सकते हैं, जबकि PFAS [पर- एवं पॉलीफ़्लुओरोऐल्किल पदार्थ] जैसे हार्मोन के कामकाज में बाधा डालने वाले रसायन चयापचय स्वास्थ्य को बिगाड़ सकते हैं। शोधकर्ताओं ने प्रदूषण पर अधिक कड़े नियंत्रण और पर्यावरणीय निगरानी का आह्वान किया है (FirstPost)
२४ अक्टूबर को ताइवान (फ़ॉर्मोसा) में चम्पी तूफ़ान से १ व्यक्ति की मृत्यु हुई और ५०० से अधिक घायल हुए। पेड़ गिर गए और २८८ हज़ार से अधिक घरों की बिजली कट गई। कुछ तटीय इलाकों में हवा के झोंकों की गति २२७ किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुँची, उत्तरी और मध्य क्षेत्रों में स्कूल तथा कार्यालय लगातार दूसरे दिन बंद रहे (Reuters)
अंटार्कटिका के २ विशाल हिमखंड, A81 [१,३४० वर्ग किलोमीटर] और D32 [१०६ वर्ग किलोमीटर], दक्षिण जॉर्जिया द्वीप [ब्रिटेन] की ओर बह रहे हैं, जिससे जहाज़ों और वन्यजीव-जनों को खतरा हो सकता है। विशेषज्ञों का कहना है कि धाराएँ उन्हें द्वीप के चारों ओर ले जा सकती हैं, जबकि उनके पिघलने से समुद्री परिस्थितियाँ बदल सकती हैं (Daily Mail)
Nature Health पत्रिका में प्रकाशित २ अध्ययनों का अनुमान है कि २०२६ की गर्मियों में ३० यूरोपीय देशों के ८५४ शहरों में गर्मी से संबंधित मौतों की संख्या ५०,३९१ रही, जिनमें ३२,६०० से अधिक का संबंध जलवायु परिवर्तन से था। ८५ वर्ष और उससे अधिक आयु के वयस्कों में मृत्यु दर सबसे अधिक थी (CNN)
ब्रिटेन के पशु-जन अधिकार संगठन प्रोजेक्ट स्लिंगशॉट ने Gaslit: The Hidden Truth About Salmon Farming in the UK नामक लघु वृत्तचित्र जारी किया है, जो इस उद्योग से जुड़ी पशु-जन कल्याण संबंधी चिंताओं और पर्यावरणीय क्षति की पड़ताल करता है। संगठन के अनुसार, ब्रिटेन के सुपरमार्केट में बिकने वाले सभी स्कॉटिश सैल्मन-जन औद्योगिक रूप से पाले जाते हैं। गुप्त रूप से बनाए गए वीडियो में सैल्मन-जन समुद्री जुओं के संक्रमण और गंभीर घावों से पीड़ित दिखाई देते हैं। यह फ़िल्म “End Salmon Farming” अभियान के साथ जारी हुई है, जिसका प्रचार शहर के भूमिगत रेल नेटवर्क, लंदन अंडरग्राउंड, में हज़ारों विज्ञापनों के ज़रिए किया जा रहा है। अलग से, अंतरराष्ट्रीय पशु-जन संरक्षण संगठन एनिमल इक्वैलिटी ने अधिक कड़ी निगरानी की माँग की है। उन्होंने पालन केंद्रों द्वारा ३ वर्षों में दर्ज ३ करोड़ ५० लाख सैल्मन-जनों की असमय मौतों का हवाला दिया (Plant Based News)
सरकारों और संगठनों के वैश्विक संरक्षण नेटवर्क, अंतरराष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण संघ, ने २२ अक्टूबर को चेतावनी दी कि विश्व की १२७ उष्णकटिबंधीय और उपोष्णकटिबंधीय उथले पानी की प्रवाल भित्ति प्रणालियों में से ९६% गंभीर संकट में हैं, वैश्विक तापवृद्धि जारी रहने पर २०७५ तक उनके नष्ट होने का जोखिम अत्यंत अधिक है। जलवायु परिवर्तन के कारण तापीय तनाव सबसे बड़ा खतरा है। अधिकांश प्रवाल भित्तियाँ अभी नष्ट नहीं हुई हैं, इसलिए उत्सर्जन में कटौती, अधिक मज़बूत संरक्षण और पुनर्बहाली से उनका विनाश रोकने का अवसर अभी मौजूद है (DW)
ब्रिटेन सरकार ने २१ अक्टूबर को घोषणा की कि उनके नए जलवायु एवं प्रकृति सुरक्षा कार्यबल की पहली बैठक हुई है। इसमें जलवायु परिवर्तन और प्रकृति के क्षरण से उत्पन्न खतरों का आकलन करने के लिए सैन्य, सुरक्षा, विज्ञान और उद्योग क्षेत्र के विशेषज्ञ एकत्र हुए। सरकार ने इसे विश्व में अपनी तरह का पहला कार्यबल बताया है, यह चरम मौसम तथा ऊर्जा प्रणालियों, आपूर्ति शृंखलाओं और वित्तीय स्थिरता में व्यवधान जैसे जोखिमों से निपटने की तैयारी मज़बूत करने के लिए स्वतंत्र सिफ़ारिशें देगा (Gov.uk)
सब्ज़ी कंपनी रो सेवन ने पूलेट नामक जैविक आलू पेश किया है, जिसे मुर्गे की चर्बी जैसा नमकीन स्वाद देने के लिए एक दशक से अधिक समय तक चयनात्मक प्रजनन से विकसित किया गया। यह न्यूयॉर्क, कनेक्टिकट और न्यू जर्सी [अमेरिका] के चुनिंदा होल फ़ूड्स मार्केट स्टोरों में उपलब्ध है और त्योहारों के लिए वीगन विकल्प देता है (VegNews)
इज़राइली खाद्य-प्रौद्योगिकी कंपनी रीडिफ़ाइन मीट ने सितंबर में ब्रिटेन के ३९१ टेस्को स्टोरों में विस्तार किया और वीगन बर्गर तथा मेमने के मांस जैसे कोफ़्ते पेश किए। अधिक प्रोटीन वाले इन विकल्पों में पशु-जनों से प्राप्त कोई सामग्री नहीं है (Jewish News)
फ़्यूचर मार्केट इनसाइट्स का अनुमान है कि पशु-जनों से प्राप्त सामग्री से मुक्त उत्पादों की माँग के कारण वैश्विक वीगन सौंदर्य-प्रसाधन क्षेत्र २०२६ के २०.१ अरब अमेरिकी डॉलर से बढ़कर २०३६ तक ३९.१७ अरब अमेरिकी डॉलर हो जाएगा, अनुमानित वार्षिक वृद्धि में चीन ८.७% के साथ आगे रहेगा (Future Market Insights)
न्यूयॉर्क नगर परिषद [अमेरिका] ने लगभग २०० घोड़ा-जनों को यातायात के खतरों से बचाने के उद्देश्य से २२ अक्टूबर को घोड़ा-नागरिकों द्वारा खींची जाने वाली गाड़ियों पर प्रतिबंध का विधेयक पारित किया। महापौर के पास इसे मंज़ूरी देने, वीटो करने या अपने आप कानून बनने देने के लिए३० दिन हैं (Humane World for Animals)
फ़ुजियान प्रांत [चीन] के झांगपिंग में निवासियों, सुरक्षा गार्डों और इमारत के कर्मचारियों ने १२वीं मंज़िल की खिड़की से लटक रही ३ वर्षीय बच्ची को बचाया। दमकलकर्मियों ने उन्हें धातु की सलाखों से मुक्त किया और उन्हें कोई गंभीर चोट नहीं आई (Daily Mail)
९ वर्षीय इवान मुर्दोरोविच ने वास्टफ़ोंटेन, ख़ाउटेंग [दक्षिण अफ़्रीका] में एक घायल डॉर्माउस-जन को बचाया। ओन्डरस्टेपोर्ट पशु चिकित्सालय में उसका उपचार कराने के बाद सोशांगुवे पशु आश्रय ने इवान की करुणा का सम्मान करने के लिए उन्हें एक छोटा उपहार देने की अपील शुरू की (The Animal Rescue Site)
आज का प्रेरक उद्धरण: “प्रेम के प्रति जागृत हृदय में सहनशीलता, दया, क्षमा और करुणा जैसे सद्गुण अपने आप उभरते हैं।” - हज़रत इनायत ख़ान (शाकाहारी) प्रिय सूफ़ी गुरु और संगीतकार (Wahiduddin.net)
केविन मोहैट के मृत्यु-समीप अनुभव पर इस ३ भागों की शृंखला के पहले और दूसरे भाग में, एरिज़ोना के इस रियल एस्टेट एजेंट और जीवनभर आइस हॉकी खेलने वाले खिलाड़ी ने २०२२ के वैलेंटाइन दिवस पर अपना हृदय रुक जाने की घटना याद की। गहन चिकित्सा इकाई में कुछ देर होश आने पर उनकी पत्नी उनके पास थीं, उन्हें फिर बेहोश किया गया और बाद में उनकी हालत इतनी सुधरी कि वे घर लौट सके। हृदय रुकने की घटना के एक सप्ताह बाद वे अपने बचावकर्मियों से उनके अग्निशमन केंद्र में मिलने गए। वहाँ आँखें बंद करते ही उन्हें वे अनुभव स्पष्ट रूप से याद आ गए, जो उन्हें तब हुए थे जब बचावकर्मी उन्हें पुनर्जीवित कर रहे थे: ऊपर से बचाव कार्य देखना, प्रकाश से घिर जाना और अपनी दिवंगत माँ का संदेश सुनना, “अभी नहीं। अभी नहीं”। अब इस शृंखला के समापन, भाग ३ में केविन अपनी माँ के संदेश पर विचार करते हैं और हृदय रुकने के बाद हुई तंत्रिका संबंधी जाँचों का वर्णन करते हैं। वे स्वस्थ होने के दौरान आई शारीरिक और आर्थिक कठिनाइयाँ भी बताते हैं और साँझा करते हैं कि कैसे एक पुराने ग्राहक के अप्रत्याशित फ़ोन ने उनकी आशा लौटाने में मदद की। केविन यह नहीं समझा सके कि उनसे संवाद करने उनकी माँ ही क्यों आई थीं। लेकिन उनका संदेश याद करने पर वही सुकून लौट आता था, जो बचपन में उनकी माँ उन्हें देती थीं।
और जब भी मैं इस पर विचार करता हूँ, जब भी इसे याद करता हूँ, बात हमेशा मेरी माँ पर आ जाती है। वही प्यार भरी आवाज़, जिससे वे बचपन में मुझे दिलासा दिया करती थीं, बस यही कह रही थी, “अभी नहीं। अभी नहीं”। हृदय रुकने के बाद संभावित क्षति का पता लगाने के लिए डॉक्टरों ने केविन के मस्तिष्क की जाँच की। वे कहते हैं कि उन्हें हॉकी खेलते समय मस्तिष्क पर लगी पुरानी चोटों के प्रमाण मिले। मस्तिष्क के एक स्कैन के दौरान उन्होंने जानबूझकर उस प्रकाश की स्मृति पर ध्यान केंद्रित किया। जिस प्रकाश का मैंने अनुभव किया था, वह वास्तव में एक स्कैन में स्मृति वाले हिस्से में दिखाई दिया। बाद में अपनी तंत्रिका रोग विशेषज्ञ के साथ स्कैन के नतीजे देखते हुए केविन ने एक ऐसे हिस्से के बारे में पूछा, जो चमकीला सफ़ेद दिख रहा था। उनके अनुसार, डॉक्टर ने उन्हें संवेदनात्मक अनुभवों या स्मृति से जुड़ा मस्तिष्क का क्षेत्र बताया और समझाया कि वे किसी चीज़ को गहराई से याद कर रहे थे। उस समय तक उन्हें केविन के मृत्यु-समीप अनुभव के बारे में पता नहीं था। केविन ने जब बताया कि वे उस प्रकाश को याद कर रहे थे, तो उनके अनुसार यह सुनकर डॉक्टर की आँखों में आँसू आ गए। और उन्हें बिल्कुल विश्वास नहीं हो रहा था। वे बोलीं, “आमतौर पर यह हल्के पीले से नारंगी रंग की [रोशनी] होती है”। और उन्होंने [कहा] कि मेरी चमकीली सफ़ेद थी। और उन्होंने कहा, “हाँ, यह वास्तविक है”। और मैंने कहा, “आपका मतलब है कि आपने उनकी तस्वीर ले ली?” उन्होंने कहा, “ऐसा ही लगता है”।
जीवित बचने के बाद केविन को लंबे समय तक कठिनाइयाँ झेलनी पड़ीं। वे कहते हैं कि उनके हृदय के बाएँ हिस्से का लगभग एक चौथाई भाग मृत हो चुका था। अगले महीनों में उनके पैरों की मांसपेशियाँ इतनी क्षीण हो गईं कि उन्हें वॉकर और छड़ी की ज़रूरत पड़ने लगी। पहले की तरह काम न कर पाने के कारण उन्हें और उनकी पत्नी को आर्थिक तबाही का सामना करना पड़ा। उनकी पत्नी भी हाल ही में कैंसर से उबरी थीं। बाद में एक नर्स ने प्रकाश से उनकी वापसी की तुलना दोबारा जन्म लेने से की, केविन कहते हैं कि हृदय रुकने के बाद जीवित बचे कई लोग उस घटना की वर्षगाँठ को अपना “पुनर्जन्म दिवस” कहते हैं। वे उस अनुभूत शांति में लौटना चाहते थे, लेकिन उन्हें शर्म महसूस होती थी क्योंकि इसका मतलब अपने परिवार को छोड़ना होता। एक दिन सीढ़ियों पर गिरकर फँस जाने के बाद वे तीव्र दर्द और निराशा के बीच बड़ी मुश्किल से अपने शयनकक्ष में लौटे। वहाँ उनका फ़ोन बजा। एक पुराने ग्राहक को घर बेचने के लिए उनकी मदद चाहिए थी। केविन ने घर को बिक्री के लिए सूचीबद्ध किया, कुछ ही दिनों में पूरी माँगी गई कीमत पर नकद प्रस्ताव मिला और १४ दिन बाद बिक्री पूरी हो गई।
मैं आर्थिक रूप से बिल्कुल कंगाल था और अचानक मैंने ६ लाख अमेरिकी डॉलर का घर बेच दिया। और मैं सोचने लगा, “यह अभी क्या हुआ?” और मैं आपको सच बताता हूँ, उस दिन से मैं आनंदित रहने लगा। और मुझे एहसास हुआ कि मैं खुद पर बहुत ज़्यादा तरस खा रहा था और मुझे बस विश्वास रखना शुरू करना था। और विश्वास रखने से आशा जागी। दर्द हो या न हो, उससे आशा जागी। उसी दिन मैंने अपना नज़रिया बदल दिया। और अब इसीलिए मैं अपनी कहानी साँझा कर रहा हूँ, क्योंकि मैं सबको बताना चाहता हूँ कि [अगर] आप बिल्कुल हताश हो चुके हैं, तब भी आशा है। आपको विश्वास रखना होगा। केविन कहते हैं कि उनके हृदय को रक्त पहुँचाने वाली एक धमनी तब से फिर अवरुद्ध हो गई है, लेकिन जीवन के प्रति उनका नज़रिया बदल गया है। जिस सुबह उनका हृदय रुका, उस दिन उनका अपनी पत्नी से झगड़ा हुआ था और वे “मैं तुमसे प्यार करता हूँ” कहे बिना हॉकी खेलने चले गए थे। उन्होंने संकल्प लिया कि ऐसा दोबारा कभी नहीं होने देंगे। केविन को अब मृत्यु का भय नहीं है। उनका विश्वास है कि उन्होंने जिस प्रकाश का अनुभव किया, वह ईश्वर थे, वे पीड़ा को उस प्रकाश से दूरी की अनुभूति बताते हैं।
मैं हृदय से, अपने सबसे गहरे विश्वास के साथ मानता हूँ — आप मुझे इस विश्वास से कभी डिगा नहीं सकते— कि ईश्वर प्रेम हैं। मृत्यु के समय मुझे प्रेम का ही अनुभव हुआ। प्रेम के उस अपार, गर्माहट भरे शिशु-कंबल में लिपटे होने पर मुझे शांति महसूस हुई। केविन दूसरों को आशा देने के लिए अपनी कहानी साँझा करते हैं। जो उन पर संदेह करते हैं, उनसे वे खोज जारी रखने को कहते हैं और सबसे कहते हैं कि विश्वास में ही शांति मिलती है। (Brad Peterson YouTube channel - Thank you)